
राजातालाब थाना क्षेत्र के वीरभानपुर (ओदार) गांव में रविवार की रात वैवाहिक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला प्रकाश में आया है। हर्ष फायरिंग के बाद खोखा पड़ोसी के घर पर लगे टिनशेड को छेंदते हुए चारपाई पर जा गिरा। चारपाई में आकाश नामक व्यक्ति सोया हुआ था। खोखा देखकर आकाश भयभीत हो गया। पड़ोसी की सूचना पर डायल 112 व राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची। परिवारवालों और पड़ोसी से पूछताछ की। पुलिस ने खोखे को कब्जे में लिया और मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार वीरभानपुर (ओदार) गांव निवासी जगनारायण पटेल की पुत्री प्रीति की शादी थी। बारात धूमधाम के साथ आई। बारात सेवापुरी के रामडीह गांव से आई थी। शादी अभिषेक पटेल की थी। आरोप है कि कुछ लोग बारात में हर्ष फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक गोली पड़ोसी आकाश के टिनशेड को छेद दी। उसका खोखा चारपाई पर गिरा। राजातालाब कस्बा चौकी प्रभारी विपिन कुमार पांडेय ने खोखा बरामद किया। आकाश की तहरीर पर पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।