
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर शाहगंज नगर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में रविवार को मिशन शक्ति के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कोतवाली शाहगंज से आई महिला कांस्टेबलों की टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, सहायता और आत्मनिर्भरता से जुड़ी जानकारियाँ दीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा संसाधनों के प्रति जागरूक करना था। कांस्टेबल सुमन सिंह ने छात्राओं को 1090, 112, 181 और 1098 जैसे आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और इनके उपयोग के तरीकों को समझाया। उन्होंने बताया कि ये नंबर संकट की स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराते हैं।
कांस्टेबल रीता कुमारी ने मिशन शक्ति के अंतर्गत पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों और महिला सशक्तिकरण की पहलों पर प्रकाश डाला। वहीं, कांस्टेबल बंदना ने मिशन शक्ति से संबंधित हैंडबिल वितरित करते हुए छात्राओं को उसमें दी गई उपयोगी जानकारी से अवगत कराया।
विद्यालय की वार्डन एकता नीलम ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं को आत्मविश्वासी और सजग बनाते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं मांसी यादव, नंदिता, रानी, खुशी सोनी, पायल मिश्रा और मानवी पासवान ने अपने विचार साझा किए और उपयोगी जानकारी के लिए पुलिस टीम का धन्यवाद किया।