
न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुर।प्रयागराज स्थित लेटे हुए हनुमान जी मंदिर के महंत बलवीर गिरी महाराज मंगलवार को मां शीतला चौकिया धाम पहुंचे। उनके आगमन पर मंदिर प्रांगण में ढोल-ताशों के साथ पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान चौकियां धाम के महंत विनय त्रिपाठी ने उन्हें विधिवत दर्शन-पूजन कराया।
मीडिया से बातचीत में बलवीर गिरी महाराज ने कहा कि मां शीतला के प्रति मेरी गहरी आस्था है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि मां भगवती सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करेंगी। उन्होंने कहा कि मंदिर न केवल भक्ति काकेंद्र हैं, बल्कि हमारे संस्कार और संस्कृति के मूल स्रोत भी हैं। दर्शन और पूजा हमेशा श्रद्धा और अनुशासन के साथ करना चाहिए।
देश की वर्तमान परिस्थितियों पर बात करते हुए महाराज ने कहा कि उन्होंने मां भगवती से देश की समृद्धि, सैनिकों की शक्ति और राक्षसी प्रवृत्तियों के नाश की प्रार्थना की है। उन्होंने विपक्षी दलों से आग्रह किया कि जब बात देशहित की हो, तो सभी दलों को एकजुट होकर प्रधानमंत्री के निर्णयों का सम्मान करना चाहिए और बिना समझे प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए।
ऑपरेशन सिंदूर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “देश की बहनों ने बहुत ही साहसिक और सशक्त प्रतिक्रिया दी है। जो लोग नारी शक्ति को कमजोर समझते हैं, उन्हें यह स्पष्ट संदेश मिल गया है कि भारतीय नारी जब रौद्र रूप धारण करती है, तो वह दुर्गा और झांसी की रानी बन जाती है। ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, यह सुनिश्चित करना हम सभी का कर्तव्य है।”