
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर मछलीशहर।स्थानीय नगर स्थित एक निजी अस्पताल में सीजेरियन प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई।बता दें कि महिला सिकरारा थाना क्षेत्र के मनिकापुर गांव की रहने वाली 32 वर्षीय बिंदु यादव को सोमवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर मां विद्या हास्पिटल मछलीशहर में भर्ती कराया गया।जहां डॉक्टर ने सीजेरियन ऑपरेशन से प्रसव कराया। बच्ची के जन्म के बाद महिला की स्थिति बिगड़ने लगी।अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण डॉक्टर ने मरीज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में ही महिला की मृत्यु हो गई।मृतका के परिजन शव को लेकर वापस अस्पताल पहुंचे। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा और प्रभारी निरीक्षक विनीत राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर शांति व्यवस्था बनाई गई है। घटना के बाद अस्पताल का स्टाफ और संचालक फरार हो गए हैं।बताते चले कि मछलीशहर में एक दो महीने के अंतराल में इस तरह की घटनाएं अक्सर देखने को मिलती है।लेकिन प्रशासन द्वारा उचित कार्यवाही न किए जाने से अवैध रूप से झोलाछाप डॉक्टरों का ग्रुप धड़ल्ले से अस्पताल संचालित कर रहा है। मछलीशहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे हॉस्पिटलों में आये दिन ऐसी घटनाएं देखने को मिल रही है जिस पर स्वास्थ्य विभाग की बिल्कुल नकेल नही है। धड़ल्ले से संचालित हो रहे ऐसे अवैध हॉस्पिटल पर कब लगाम लगेगा यह तो आने वाला समय ही बताएगा जानकारी के अनुसार इस तरह की ऐसी घटनाएं आम होती जा रही है।