
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब थाना परिसर के पास मुख्य मार्ग के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान त्रिपुरारी मिश्र (50 वर्ष) निवासी ग्राम बरवत, थाना घुघली, जिला महराजगंज के रूप में हुई है। वे भगवा वस्त्र पहने हुए थे, जिससे मामला और अधिक संदेहास्पद बन गया है।
उक्त गांव मे सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक शव देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और की गई और शव को वाहन द्वारा यहां लाकर फेंक दिया गया। हालांकि, शव के पास से किसी भी प्रकार के संघर्ष या खून के निशान नहीं मिले हैं, जिससे यह भी संदेह हो रहा है कि मौत स्वाभाविक भी हो सकती है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। सरायख्वाजा थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मामले की गहन तफ्तीश की जा रही है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।