एक पेड़ मां के नाम अभियानों के तहत पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संकल्प
एक पेड़ मां के नाम अभियानों के तहत पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संकल्प

न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुर
प्रसिद्ध सामाजिक संस्था ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के तत्वावधान में सोमवार को सिंगरामऊ में पर्यावरण संरक्षण और जल बचाव के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण अभियानों—“एक पेड़ मां के नाम” तथा “जल सुरक्षित तो कल सुरक्षित” के अंतर्गत जागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख डॉ. अंजु सिंह ने कहा कि सरकार भी प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा हेतु सतत प्रयास कर रही है। इन अभियानों का उद्देश्य भावी पीढ़ियों के लिए हरा-भरा और जल संपन्न भविष्य सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जल संकट और गिरते भू-जल स्तर को लेकर हमें गंभीरता से सोचने की जरूरत है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह कर्तव्य बनता है कि वह इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाए
कार्यक्रम में यूबीआई शाखा प्रबंधक अभय कुमार गुप्ता ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान मातृ प्रेम और सम्मान की अभिव्यक्ति भी है। इस अवसर पर आम, अमरूद, नींबू, जामुन, बेल, शीशम, अर्जुन सहित सैकड़ों पौधे न सिर्फ रोपित किए गए, बल्कि वहां मौजूद लोगों को वितरित भी किए गए।
कार्यक्रम के अंत में यह संकल्प लिया गया कि आने वाले एक महीने तक पौधारोपण एवं उनकी देखरेख पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ की जाएगी। साथ ही वर्षा जल संचयन को प्रोत्साहित करने के लिए घरों में सस्ते व सरल उपाय अपनाने का भी निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर संस्था की कोषाध्यक्ष शीला दुबे, कबूतरा देवी, पट्टी देवी, शोभावती, संगीता देवी समेत दर्जनों महिलाएं, बच्चियां एवं संस्था के सभी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे