
न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर बोल बम कांवरिया संघ, जौनपुर द्वारा शनिवार, को भव्य कांवड़ शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा की शुरुआत हनुमान घाट स्थित चौरा माता मंदिर पर पूजन-अर्चन के साथ हुई, जहां संघ के संरक्षक संतोष सेठ और महासचिव विमल सिंह ने विधिवत पूजन किया।
इसके उपरांत प्रमुख समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह ने नारियल फोड़कर यात्रा के शुभारंभ की घोषणा की। इसके बाद एक भावुक दृश्य देखने को मिला जब जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र स्वयं कांवड़ उठाकर कुछ दूर तक पैदल चले। उनकी इस आस्था और सहभागिता को देख वहां उपस्थित श्रद्धालु आनंदित हो उठे। जिलाधिकारी ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, डीजे और भगवान शिव की विविध मुद्राओं में आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। बारह ज्योतिर्लिंगों के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों से आई झांकियां शोभायात्रा का विशेष आकर्षण बनीं। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—सद्भावना पुल, कजगांव पड़ाव, ओलंदगंज, शाही पुल, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा—से होकर गुज़री।
कोतवाली चौराहा पर शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्रा व उनकी टीम ने पुष्पवर्षा कर कांवरियों का अभिनंदन किया। महिलाओं ने भी अपने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर श्रद्धा का प्रदर्शन किया।
शोभायात्रा सब्जी मंडी, सुतहट्टी बाजार होते हुए भंडारी स्टेशन पहुंची, जहां दोपहर 12:30 बजे कांवरियों को फरक्का ट्रेन से रवाना किया गया।यात्रा मार्ग पर जगह-जगह समाजसेवी संस्थाओं और पुलिस प्रशासन द्वारा जलपान, विश्राम और चिकित्सा की व्यवस्था की गई थी। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने कांवरियों को फल वितरित कर उत्साहवर्धन किया।