
न्यूज़ खबर इंडिया
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर भैसही नदी के पास शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में सात वषीर्या बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के जियापुर गांव निवासी सात वर्षीया अनन्या पासवान, पुत्री धर्मराज, अपनी नौ वर्षीया बड़ी बहन शिवांगी के साथ अपने ननिहाल जहानागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में नाना शिवचंद के घर आई थी। शुक्रवार रात करीब आठ बजे अनन्या और शिवांगी अपने मामा सूरज और पिंटू के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर जहानागंज बाजार से चाऊमीन खाकर घर लौट रहे थे। भैसही नदी के पास पहुंचते ही सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सभी सवार घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल कोल्हूखोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अनन्या को मृत घोषित कर दिया। उसकी बहन शिवांगी की हालत गंभीर होने के कारण उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों, सूरज और पिंटू, का भी निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।