
न्यूज़ खबर इंडिया
वाराणसी। प्रदेश की नंबर वन तहसील मानी जाने वाली पिंडरा तहसील परिसर में जलनिकासी की व्यवस्था ध्वस्त है। इसके चलते बारिश के बाद परिसर में पानी भर गया है। इसको लेकर अधिवक्ताओं में खासा आक्रोश है। वकीलों ने परिसर में धान की रोपाई कर अपना विरोध जताया। साथ ही जलनिकासी की मुकम्मल व्यवस्था की मांग की, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान ऐसी समस्या का सामना न करना पड़े।
दरअसल, तहसील परिसर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसकी वजह से जलभराव की स्थिति पैदा होती है। इससे अधिवक्ताओं का सब्र का बांध टूट गया। गुरुवार को वकीलों ने तहसील परिसर में जलभराव वाले स्थान पर धान की रोपाई कर विरोध जताया। इस दौरान तहसील प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए।
इस दौरान तहसील कार्यालय के कर्मी भी दफ्तरों से बाहर निकल आए। समस्या झेल रहे कर्मियों ने भी दबी जुबान से वकीलों के विरोध-प्रदर्शन का समर्थन किया। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की नंबर वन पिंडरा तहसील में जलभराव की समस्या विकट है, लेकिन अधिकारी बेपरवाह हैं। विरोध प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष शिवपूजन सिंह,पनधारी यादव, जवाहर वर्मा, श्रीनाथ गौड़, रामभरत यादव, अशोक लाल कनौजिया, अमर पटेल, रवि यादव, एके सिंह आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।