
न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुर। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश गिरीश चंद्र यादव ने बुधवार को केन्द्रीय विद्यालय, पयागपुर (जी.जी.आई.सी. परिसर) के शैक्षणिक सत्र 2025-26 का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर उपआयुक्त केन्द्रीय विद्यालय संगठन अजय कुमार मिश्रा एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रसाद वर्मा ने माननीय मंत्री एवं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
स्वागत भाषण विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी.बी. वर्मा द्वारा दिया गया।
अपने संबोधन में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि यह जनपद के लिए गौरव का विषय हैउन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जौनपुर हमेशा से शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। यहां के प्रतिभावान छात्र विभिन्न क्षेत्रों—जैसे विज्ञान, प्रशासन, चिकित्सा, राजनीति आदि—में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन कर रहे हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि उनके सतत प्रयासों से विद्यालय का सत्र प्रारंभ हो पाया है, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ होगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
इसके उपरांत मंत्री जी ने नवीन छात्रों को शिक्षण किट वितरित की तथा विद्यालय कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने अपने वक्तव्य में कहा कि उन्हें हर्ष है कि केन्द्रीय विद्यालय का संचालन अब जनपद में प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने इसके लिए माननीय मंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। मुख्यमंत्री की प्रेरणा व जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा रहा है।