नदी में कूदी विवाहिता मौत, छह पर मुकदमा दर्ज
नदी में कूदी विवाहिता मौत, छह पर मुकदमा दर्ज

न्यूज़ खबर इंडिया
आजमगढ़ मंगई नदी में कूदकर जान देने वाली 21 वर्षीय विवाहिता का शव शुक्रवार सुबह बरामद हुआ। घटना जहानागंज-तरवां बॉर्डर पर हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के बाबा ने जहानागंज थाने में तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे जिससे तंग आकर उनकी पोती ने आत्महत्या कर लिया।जानकारी के मुताबिक, तरवां थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी प्रीति (21) पुत्री गंगाराम ने गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे मंगई नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रीति की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व जहानागंज थाना क्षेत्र के नेतपुर गांव निवासी सूरज से हुई थी। ग्रामीणों का कहना है कि यह प्रेम विवाह था।
घटना के बाद पुलिस, गोताखोर और ग्रामीणों ने तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे शव पानी में तैरता हुआ मिला। मृतका के बाबा सुखदेव राम ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग सास, ससुर, पति सहित कुल छह लोग दहेज की मांग को लेकर प्रीति को प्रताड़ित और मारपीट करते थे। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने नदी में कूदकर जान दे दी।
थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सभी छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।