
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान शिक्षक लूट और हत्या की घटना में शामिल कुख्यात बदमाश नितिश सिंह, निवासी टोला नंदपुर कुकर घाटी, थाना खामपार (देवरिया) पुलिस की गोली से घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी विकास सोनकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वहीं घटना में शामिल एक अन्य आरोपी को आज़मगढ़ पुलिस पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर चुकी है।
कैसे हुई मुठभेड़
रसड़ा क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार देर रात 12 बजे के बाद खनदवा के पास उभांव पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार तेज गति से पीछे मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में नितिश सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
खुलासा: अध्यापकों से लूट और हत्या की वारदात
गिरफ्तार बदमाश नितिश सिंह ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने 16 सितंबर को अपने साथियों संग उभांव थाना क्षेत्र में महिला अध्यापिका राधिका वर्मा से सोने की चेन छीनी थी। इसके एक घंटे बाद साहूंपुर में अध्यापक देवेंद्र प्रताप यादव और महिला अध्यापिका कंचन सिंह से चेन व अंगूठी लूट ली थी। वारदात के दौरान देवेंद्र प्रताप यादव को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने नितिश सिंह के पास से बाइक, मोबाइल और 12,530 रुपये नकद बरामद किए हैं। घायल बदमाश का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं फरार बदमाश विकास सोनकर की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।