
न्यूज़ खबर इंडिया
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय के समीप उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने खुद को आग के हवाले कर लिया। जानकारी के अनुसार युवक की पहचान अलीगढ़ निवासी योगेन्द्र उर्फ बॉबी (48) के रूप में हुई है। योगेश का छह लाख रुपये के विवाद को लेकर तनाव चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने सपा कार्यालय के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया।
मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और तत्काल उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में रखा गया है।
घटना ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर घटना पर गहरी संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नाइंसाफी, नाउम्मीदगी और तानाशाही रवैये से युवा हताश हो रहे हैं। अखिलेश ने मांग की कि घायल युवक को बेहतर से बेहतर इलाज मिले और उसे न्याय सुनिश्चित किया जाए।फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवक के बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।