मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही बस पर पथराव, सवार घायल
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही बस पर पथराव, सवार घायल

न्यूज़ खबर इंडिया
आजमगढ़ : रानी की सराय थाना क्षेत्र के सहीदवारा बाजार के पास बुधवार शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम से लौट रही बस पर अज्ञात युवकों ने पथराव कर दिया। इस घटना में बस का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार चार महिलाएं घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, निजामाबाद थाना क्षेत्र के डोडोपुर गांव से लोग मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बस जब सहीदवारा बाजार के पास पहुंची, तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने बस को ओवरटेक कर उस पर ईंट-पत्थर फेंके और फरार हो गए। इस हमले में डोडोपुर निवासी अमीषा देवी, रुकीना, रेखा और मनीषा को चोटें आईं।
घायल महिलाओं ने संयुक्त रूप से रानी की सराय थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।