
न्यूज़ खबर इंडिया
चंदौली जनपद में खाद की कमी से किसान जूझ रहे हैं। कई बार समिति के चक्कर काटने के बावजूद खाद न मिलने से परेशान किसान बरगद के पेड़ पर चढ़ गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसको लेकर सरकार पर तंज कसा।
नौगढ़ क्षेत्र के भरदुआ गांव निवासी किसान मनोहर यूरिया खाद के लिए मझगावां और बोझ सहकारी समितियों के चक्कर लगा रहे थे। कई दिन चक्कर लगाने के बावजूद खाद नहीं मिली। इससे क्षुब्ध होकर मनोहर पेड़ पर चढ़ गए। उन्होंने कहा कि जब तक खाद नहीं मिलेगी, वह नीचे नहीं उतरेंगे। उन्होंने जान देने की भी धमकी दी। घटना की सूचना मिलते ही हरियाबांध चौकी इंचार्ज, स्थानीय पुलिस टीम और 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर मनोहर को समझाया। दो घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना रहा कि इस समय धान की फसल के लिए खाद की जरूरत है, लेकिन इसकी किल्लत से किसान जूझ रहे हैं। चक्कर काटने के बावजूद खाद नहीं मिल रही है। इससे फसल को नुकसान हो रहा है।
प्रकरण को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने किसान की फोटो के साथ सोशल मीडिया में पोस्ट कर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। लिखा है कि ऐसा भाजपाई कलियुग आएगा… कृषक खाएगा लाठी-डंडा, खाद का संकट गहराएगा। अखिलेश के पोस्ट के बाद प्रशासनिक अमले में खलबली मची है। वहीं लोगों के बीच भी प्रकरण की चर्चा हो रही है।