
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। जिले के मार्टिनगंज ब्लॉक में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। भाजपा ब्लॉक प्रमुख यशवंत शर्मा (38) पर चार अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने कट्टे की बट से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना रात करीब 9 बजे सुरहन कन्या पाठशाला के पास हुई, जब यशवंत अपने प्रतिनिधि को उनके घर छोड़कर बाइक से अकेले लौट रहे थे। हमलावरों ने हेलमेट पहनकर उन्हें घेर लिया और सिर पर वार कर फरार हो गए। घायल यशवंत को तुरंत मार्टिनगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह सैकड़ों स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। मौके पर CO फूलपुर किरणपाल सिंह, थानाध्यक्ष राकेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह और कई ग्राम पंचायत सदस्य भी पहुंचे। यशवंत शर्मा ने स्थानीय थाने में चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। CO फूलपुर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा और तनाव का माहौल है।